एटा। एटा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। निधौली कलां इलाके की एक महिला ने अपने ही सौतेले बेटे पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि लड़के ने उसे तमंचे की नोक पर जबरदस्ती का शिकार बनाया।
महिला की शादी को 17 साल हो चुके हैं। पहले पति से एक बेटा था, फिर दोबारा शादी हुई। दूसरी शादी के कुछ समय बाद मेडिकल कारणों से महिला का गर्भाशय निकालना पड़ा। महिला का कहना है कि पिछले एक साल से उसका सौतेला बेटा विकास उस पर बुरी नज़र रखे हुए था। जब घर में पति नहीं होता, तब विकास का रुख डरावना हो जाता। आरोप के मुताबिक, सोमवार की रात को विकास ने हद ही पार कर दी। तमंचा तान कर सौतेली मां के साथ दुष्कर्म किया। जान से मारने की धमकी भी दी।
डरी-सहमी महिला सीधे मायके गई और वहां से थाने पहुंची। लेकिन थाने में कोई सुनवाई नहीं हुई। फिर महिला पहुंची सीधे एसएसपी के पास और अपना दर्द बताया। एसएसपी ने जांच का भरोसा दिलाया है। निधौली थाना पुलिस अब मामले की पड़ताल में जुटी है।